गौरव, प्रेरणा और एकता का प्रतीक बना रांची का “नगर निकाय सम्मान समारोह”
रांची , झारखण्ड (श्री काशी प्रसाद अग्रवाल ) । 22 मार्च 2026, मारवाडी भवन रांची में आयोजित नगर निकाय सम्मान का आयोजन केवल एक सम्मान समारोह नहीं, बल्कि मारवाड़ी समाज की बढ़ती जागरूकता, एकजुटता और नई दिशा का सशक्त प्रतीक बनकर सामने आया।
रांची जिला मारवाड़ी सम्मेलन के आतिथ्य में, झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन एवं मारवाड़ी सहायक समिति के संयुक्त तत्वावधान में सम्पन्न इस भव्य कार्यक्रम में नगर निकाय चुनाव में विजयी हमारे जनप्रतिनिधियों एवं UPSC में सफलता प्राप्त करने वाली श्रीमती ईशा जैन को सम्मानित किया गया। यह सम्मान न केवल उनकी उपलब्धियों का अभिनंदन है, बल्कि समाज के हर व्यक्ति, विशेषकर युवाओं के लिए एक प्रेरणा का संदेश भी है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में झारखण्ड सरकार के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री श्री बन्ना गुप्ता जी द्वारा व्यक्त किया गया यह विचार कि “मारवाड़ी समाज अब राजनीति में जाग चुका है और एक सशक्त शक्ति के रूप में उभरेगा”—हम सभी के लिए एक दिशा और जिम्मेदारी का संकेत है। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में धनबाद नगर निगम के निवर्तमान महापौर श्री चंद्रशेखर अग्रवाल जी ने समाज की एकता को हमारी सबसे बड़ी शक्ति बताते हुए हम सभी को संगठित रहने का संदेश दिया।
इस गरिमामय अवसर पर प्रांतीय अध्यक्ष श्री सुरेश चंद्र अग्रवाल जी, पूर्व अध्यक्ष श्री ओम प्रकाश जी अग्रवाल, वरीय उपाध्यक्ष श्री ललित जी पोद्दार,झारखंड के विभिन्न जिलों से पधारे जिलाध्यक्ष एवं उनके पदाधिकारी सहित अनेक वरिष्ठजनों की उपस्थिति ने यह स्पष्ट कर दिया कि जब समाज एक मंच पर आता है, तो उसकी शक्ति कई गुना बढ़ जाती है।
आज आवश्यकता इस बात की है कि हम केवल ऐसे आयोजनों तक सीमित न रहें, बल्कि इस भावना को अपने-अपने क्षेत्रों में आगे बढ़ाएं। समाज की एकता, पारदर्शिता, सक्रिय भागीदारी और नई पीढ़ी के मार्गदर्शन के माध्यम से हम एक मजबूत, जागरूक और प्रभावशाली समाज का निर्माण कर सकते हैं।
Share News :
ओमप्रकाश अग्रवाल
संपादक